झारखंड

मंडरो में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत छात्राओं को POCSO अधिनियम, बाल अधिकार, आत्मरक्षा और माहवारी स्वच्छता की दी गई जानकारी, ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत किया गया पौधारोपण।

मंडरो साहिबगंज। बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मंडरो में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा विपरीत परिस्थितियों में साहस और समझदारी से सामना करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम, बाल विवाह एवं बाल श्रम निषेध तथा किशोर न्याय अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, दत्तक ग्रहण, सखी वन स्टॉप सेंटर और आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया और छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड वितरित किए गए। वहीं, नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया। पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल, सुपरवाइजर अवधेश कुमार, मंथन संस्था की जूली टुडू, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के साथ-साथ उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!