झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी।
पाकुड़ के 30 केंद्रों पर 1 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं एसपी अनुदीप सिंह ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026 रविवार को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। इसके सफल संचालन को लेकर रविन्द्र भवन में जोनल दंडाधिकारी, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन, सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया एसओपी और चेकलिस्ट का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी केंद्रों पर शत-प्रतिशत फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पावर बैकअप सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्रों में ले जाने पर सख्ती से रोक लगाने तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच के दौरान गोपनीयता बनाए रखने का निर्देश दिया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और प्रतीक्षा क्षेत्र जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
उपायुक्त ने केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण कर निर्धारित समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष और वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सुबह 6 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, कतार प्रबंधन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों में के.के.एम. कॉलेज, पाकुड़ पॉलीटेक्निक कॉलेज, डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, हरिणडंगा उच्च विद्यालय, रानी ज्योतिर्मयी बालिका उच्च विद्यालय, आदर्श विल्टु मध्य विद्यालय, पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, मध्य विद्यालय हरिणडंगा पश्चिमी, जिदातो बालिका उच्च विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, संत जोसेफ स्कूल, एलाईट पब्लिक स्कूल, संत डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल, महिला कॉलेज एवं मॉडल कॉलेज, पाकुड़ शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त उत्क्रमित उच्च विद्यालय कारियोडीह लिट्टीपाड़ा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगापाड़ा, संत मारिया गोरेट्टी बालिका उच्च विद्यालय तोड़ाई, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहनपुर, आर.के. +2 विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय तोड़ाई, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथकाठी उर्दू, उत्क्रमित मध्य विद्यालय घाघरजानी और पीएम श्री मध्य विद्यालय हिरणपुर बालक, सभी हिरणपुर क्षेत्र में, परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

वहीं, उत्क्रमित उच्च विद्यालय रामचन्द्रपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय रहसपुर, मॉडल विद्यालय काशिला तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय नबिनगर में भी परीक्षा आयोजित होगी।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।



