Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

30 जून से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ; 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची।

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, कहा— इन्यूमरेशन चरण में किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं, मीडिया से सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की अपील।

साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR)-2026 के तहत 30 जून से प्रारंभ होने वाले इन्यूमरेशन (गणना) चरण को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, साहिबगंज ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी।

उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण की अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले के सभी बीएलओ (Booth Level Officer) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराएंगे तथा विधिवत भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (Rationalization) का कार्य भी पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन (Draft Publication) किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान अनमैप्ड मतदाताओं एवं अन्य विसंगतियों से संबंधित नोटिस जारी कर सुनवाई एवं दावों का निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरांत 7 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन (Final Publication) किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि संपूर्ण प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया संचालित होगी। इस दौरान निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 भी स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, वोलंटियर्स तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा कराया जा चुका है। निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराई जाएगी।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि 30 जून को पूर्वाह्न 11 बजे जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 तथा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के सदस्यों की उपस्थिति में दो पृष्ठीय जागरूकता पत्रक का वाचन कर इन्यूमरेशन चरण का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार आईईसी (IEC) प्रचार सामग्री एवं जागरूकता वीडियो सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए जाएंगे, ताकि मतदाताओं तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचे और किसी भी प्रकार की भ्रांति न फैले।

उन्होंने बताया कि इन्यूमरेशन चरण में प्रत्येक बीएलए-2 अधिकतम 50 गणना प्रपत्र मतदाताओं से प्राप्त कर निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं। वहीं दावा एवं आपत्ति चरण में नियमानुसार एक दिन में अधिकतम 10 तथा संपूर्ण अवधि में अधिकतम 30 आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन्यूमरेशन चरण में किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। दस्तावेज केवल दावा एवं आपत्ति चरण में अथवा संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद ही निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मांगे जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी मतदाता के घर पहली बार बीएलओ के पहुंचने पर संपर्क नहीं हो पाता है, तो निर्धारित अवधि के भीतर तीन बार घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने एवं प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के अंत में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित सही, प्रमाणिक एवं तथ्यात्मक जानकारी आमजन तक पहुंचाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति से बचें।

इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी बरहेट सह अपर समाहर्ता विजय कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!