राजनीतिक दलों की मौजूदगी में उपायुक्त ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण।
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और मशीनों के रख-रखाव का लिया जायजा।

साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस के डबल लॉक एवं सीलबंद तीनों विधानसभा कक्षों को नियमानुसार खोला गया। इसके बाद सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उनके सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी प्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि निगरानी व्यवस्था चौबीसों घंटे सक्रिय एवं प्रभावी बनी रहे तथा सुरक्षा मानकों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

निरीक्षण के क्रम में वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण तथा अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखा जाए।
उपायुक्त ने वेयरहाउस भवन की छत एवं परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई, रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस को पुनः डबल लॉक कर विधिवत सीलबंद किया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया।




