उधवा ब्रिज के पास एमडीएमए ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार।
7.88 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद, राधानगर थाना में एनडीएसपी एक्ट के तहत मामला दर्ज।

साहिबगंज।राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने रविवार को राजमहल अनुमंडल पुलिस कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिनांक 06 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि उधवा ब्रिज के समीप अवैध मनोत्तेजक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। उधवा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी की उपस्थिति में राधानगर थाना पुलिस एवं सहयोगी पुलिस बल द्वारा उधवा ब्रिज के पास सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पॉकेट से 7.88 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जैसा प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया गया।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम फिरोज शेख,(उम्र 23 वर्ष) पिता स्वर्गीय अताउल शेख, निवासी पहाड़गांव, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज बताया।
इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या 198/26 दिनांक 07.06.2026 के तहत धारा 21/27 एनडीएसपी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी फिरोज शेख को विधिवत गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल पुलिस बल अधिकारी रहे शामिल।
उधवा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिज ,पंकज कुमार दुबे,सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रहलाद मेहरा, आरक्षी दुलारचंद यादव अन्य पुलिसकर्मी बल उपस्थिति थे।
पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




