Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

ब्रह्मपुत्र मेल में सो रहे यात्रियों के पॉकेट से 3 मोबाइल चोरी, आरपीएफ ने आरोपी को दबोचा।

बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के टॉयलेट के पास से हुई गिरफ्तारी, ₹53,497 मूल्य के तीन मोबाइल बरामद।

बरहरवा साहिबगंज। ट्रेन संख्या 15657 ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में यात्रा कर रहे दो सोये हुए यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल फोन चोरी होने के मामले का आरपीएफ बरहरवा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। आरपीएफ टीम ने चोरी के तीनों मोबाइल फोन बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत 53,497 रुपये बताई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, 09 सितंबर 2026 को आरपीएफ बरहरवा को सूचना मिली कि ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में यात्रा कर रहे दो यात्रियों के पॉकेट से कुल तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए हैं। एक यात्री की जेब से दो तथा दूसरे यात्री की जेब से एक मोबाइल फोन चोरी हुआ था।

सूचना मिलते ही आरपीएफ बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार ने अधिकारियों एवं जवानों के साथ मामले की सत्यता की जांच, संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी एवं जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान 09 सितंबर को आरपीएफ को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि उक्त ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाला संदिग्ध व्यक्ति बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर टॉयलेट के किनारे बैठा हुआ है। सूचना के आधार पर निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे तथा कांस्टेबल ब्रजेश कुमार यादव तत्काल मौके पर पहुंचे।

आरपीएफ टीम को देखते ही वहां बैठा व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सलीम सेख उर्फ गोरा उर्फ छउची, उम्र 25 वर्ष, पिता कालू सेख, निवासी मेंहेरुद्दीन मुंसिटोला, थाना कलियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल बताया।

पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह दिल्ली से यात्रा कर न्यू फरक्का स्टेशन जा रहा था। हालांकि जांच के दौरान उसके पास कोई वैध रेल यात्रा टिकट अथवा सामान नहीं मिला।

नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से तीन पुराने एवं इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें सैमसंग गैलेक्सी ब्लिट्ज, नीले रंग का मोबाइल, मॉडल एम076बी डीएस, बिना सिम कार्ड एवं लॉक अवस्था में, अनुमानित कीमत 21,499 रुपये; इनफिनिक्स नोट एक्स6838, पाम ब्लू रंग, मॉडल एक्स6838, बिना सिम कार्ड, अनुमानित कीमत 15,999 रुपये तथा वीवो 5जी मोबाइल फोन, ऑरोरा गोल्ड रंग, बिना सिम कार्ड एवं लॉक अवस्था में, अनुमानित कीमत 15,999 रुपये शामिल हैं।तीनों मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 53,497 रुपये है।

बरामद मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई वैध खरीद दस्तावेज अथवा स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। आगे पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि 08 सितंबर 2026 को ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में दरवाजे के पास यात्रा कर रहे सोये हुए यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल फोन चोरी किए थे। इनमें एक यात्री की जेब से दो तथा दूसरे यात्री की जेब से एक मोबाइल फोन चोरी किया गया था। घटना के बाद वह बरहरवा रेलवे स्टेशन पर उतर गया था।

आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने उपस्थित गवाहों के समक्ष विधिवत तलाशी-सह-जब्ती सूची तैयार कर तीनों मोबाइल फोन को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया। आरोपी सलीम सेख को भी मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई के लिए गिरफ्तार किया गया।

आरपीएफ द्वारा बरामद तीनों मोबाइल फोन, लिखित शिकायत एवं अन्य संबंधित दस्तावेज आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना जीआरपी बरहरवा को सुपुर्द किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!