Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

छात्रों के सम्मान में भाजपा मैदान में, साहिबगंज में डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव।

JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच और छात्र आंदोलन में दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग।

साहिबगंज। झारखंड के छात्रों के अधिकार, सम्मान और उनके भविष्य की रक्षा की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, साहिबगंज जिला के नेतृत्व में गुरुवार को डीसी एवं एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित इस जनआंदोलन में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र-युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कार्यक्रम में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा तथा बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।भाजपा नेताओं ने JPSC एवं JSSC सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं CBI जांच, छात्रों के हितों की रक्षा तथा छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। छात्रों की जायज मांगों को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।

राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि झारखंड के छात्र और युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। परीक्षाओं में अनियमितता और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ को भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। छात्रों की आवाज को दबाने के लिए मुकदमे दर्ज करना समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि साहिबगंज की धरती से आज छात्रों और युवाओं की आवाज को बुलंद किया गया है। भाजपा का यह आंदोलन किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, परीक्षा में पारदर्शिता और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, भाजपा उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी, कृपानाथ मंडल, धर्मेंद्र कुमार, रामानंद साह, मंडल मुर्मू, जिला प्रभारी अमृत कुमार पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह, प्रदीप अग्रवाल, उज्जवल मंडल, राजेश मंडल, राजीव चौधरी, महामंत्री शलखु सोरेन सहित सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता, विद्यार्थी, युवा साथी एवं हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

जुलूस प्रभारी अनंत कुमार सिन्हा रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिवम शर्मा ने किया।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं एवं आम नागरिकों ने एकजुट होकर सरकार से छात्रों के हित में तत्काल ठोस कदम उठाने तथा उनकी मांगों पर न्यायपूर्ण कार्रवाई करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि युवा शक्ति की यह हुंकार आने वाले समय में झारखंड की दिशा और दशा बदलने का कार्य करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!