Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

रक्तदान को जनअभियान बनाने पर जोर, हर माह प्रमुख दिवसों पर होंगे विशेष रक्तदान शिविर।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने तैयार करने को कहा वार्षिक-मासिक कैलेंडर, रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

साहिबगंज। जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्तदान जागरूकता एवं अनुश्रवण समिति (BDAMC) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने की। बैठक में जिले में रक्त संग्रहण, रक्तदान शिविरों के आयोजन, विभिन्न रक्त समूहों की उपलब्धता तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए जिले में नियमित एवं व्यवस्थित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए वार्षिक एवं मासिक कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह प्रमुख दिवसों एवं महत्वपूर्ण अवसरों पर कम-से-कम दो विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों, संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों के समन्वय से शिविरों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने तथा लोगों की अधिकाधिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में सदर अस्पताल, साहिबगंज स्थित रक्त केंद्र की उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 से अगस्त 2026 तक कुल 1,453 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। इसी अवधि में 1,177 यूनिट रक्त सदर अस्पताल तथा 175 यूनिट रक्त विभिन्न निजी अस्पतालों को उपलब्ध कराया गया। रक्त संग्रहण एवं वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में रक्त की उपलब्धता लगातार बनी रहे, इसके लिए नियमित रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदाताओं का आधार भी मजबूत करना आवश्यक है।

उपायुक्त ने बैठक में A नेगेटिव सहित अन्य रक्त समूहों की उपलब्धता एवं संभावित कमी को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रक्त केंद्र में विभिन्न रक्त समूहों की उपलब्धता की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार समय रहते रक्तदान शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को रक्त के लिए परेशानी न हो, इसके लिए रक्त भंडारण एवं आपूर्ति की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने रक्तदान को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ने तथा नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही रक्तदान शिविरों के आयोजन से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाता शिविरों में पहुंचकर रक्तदान कर सकें।

बैठक में उपायुक्त ने आगामी 14 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय हिंदी दिवस तथा 25 सितंबर 2026 को अंत्योदय दिवस के अवसर पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को दोनों अवसरों पर शिविरों के आयोजन की आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शिविरों के लिए स्थल, आवश्यक संसाधन, चिकित्सकीय व्यवस्था, रक्त संग्रहण की सुविधा तथा जागरूकता कार्यक्रमों से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे विशेष अवसरों को रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने के अवसर के रूप में उपयोग किया जाना चाहिए।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए नियमित रक्तदान शिविर, प्रभावी जनजागरूकता और विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों के समन्वय को आवश्यक बताया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, डॉ. विजय कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!