मनरेगा योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, एक सप्ताह में लंबित कार्य पूरे करने का अल्टीमेटम।
राजमहल प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक, मानव दिवस सृजन, जियो टैगिंग और लंबित योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड सभागार में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा मो. यूसुफ की अध्यक्षता में मनरेगा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में संचालित मनरेगा योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान मानव दिवस सृजन, योजनाओं की पूर्णता, जियो टैगिंग (Geo Tagging), जलदूत ऐप में अद्यतन प्रगति, लंबित योजनाओं के निष्पादन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी पंचायतों में संचालित योजनाओं की स्थिति का बारीकी से आकलन किया तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के क्रम में हाल ही में हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटे ग्राम रोजगार सेवकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे मनरेगा से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। साथ ही समीक्षा के दौरान उठाए गए सभी बिंदुओं पर एक सप्ताह के भीतर उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से योजनाओं की सतत समीक्षा जारी रहेगी।
उन्होंने योजनाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी समन्वय स्थापित कर कार्य करें।

बैठक में बीपीओ श्वेता, गगन बापू, सहायक अभियंता विकास कुमार, कनीय अभियंता बिनोद कुमार, मो. एहसानुल जमील, दीप नारायण मंडल सहित प्रखंड के सभी ग्राम रोजगार सेवक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे।


