मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने हेतु बीएलए को दिया गया प्रशिक्षण।
राजमहल प्रखंड सभागार में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीडीओ मो. यूसुफ ने बताई बीएलए की भूमिका और जिम्मेदारियां।

राजमहल साहिबगंज।मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर बुधवार को राजमहल प्रखंड सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने की। प्रशिक्षण में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ मो. यूसुफ ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलए की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीएलए, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण एवं संग्रहण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने में भी उनका सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न हो। इसके लिए सभी संबंधित कर्मियों, बीएलओ एवं बीएलए को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
बीडीओ ने उपस्थित सभी बीएलए से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और सभी के सहयोग से ही निष्पक्ष एवं सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, बीपीओ गगन बापू, विजय कुमार, अनिसुर रहमान, दीपक चंद्रवंशी, मो. मुर्शीद राजा, अजय चौधरी, देवेन ठाकुर, चंदन श्रीवास्तव, मो. सफीक सहित अन्य पदाधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे।




