Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल मॉडल कॉलेज में यूजी सेमेस्टर-6 परीक्षा का शांतिपूर्ण शुभारंभ।

107 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, कदाचारमुक्त एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुई प्रथम पाली की परीक्षा।

राजमहल साहिबगंज। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी सेमेस्टर-6 (सत्र 2022-26) परीक्षा 2025 का शुभारंभ बुधवार को राजमहल मॉडल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में हुआ। विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई तथा पूरे दिन परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रही।

परीक्षा के प्रथम दिन प्रथम पाली में कुल 108 परीक्षार्थी नामांकित थे। इनमें से 107 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 1 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। वहीं द्वितीय पाली में कुल 195 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने के लिए नामांकन की सूचना प्राप्त हुई।

परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल, पंखा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने परीक्षार्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम-से-कम 15 मिनट पूर्व पहुंचें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा किसी भी प्रकार की नकल सामग्री का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध परीक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गरिमा को बनाए रखना सभी संबंधित पक्षों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, वीक्षकों एवं अन्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण और सहयोग की सराहना की।

परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा एवं अनुशासन की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा के प्रभावी इंतजामों के कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!