सखी मंडल की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल।
एसबीआई आरसेटी पाकुड़ में 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ।

पाकुड़। स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोनाजोड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), पाकुड़ द्वारा सखी मंडल की दीदियों के लिए 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पाकुड़, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, महेशपुर एवं पाकुड़िया प्रखंड की पलाश जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी, सब्जी खेती एवं पौधशाला प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार, आरसेटी निदेशक राजेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस प्रवीण मिश्रा तथा जिला प्रबंधक राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वरोजगार अपनाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में कौशल विकास ही सफलता की कुंजी है और महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर छोटे-छोटे उद्यम शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं।
आरसेटी निदेशक राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पाकुड़ जिले में सखी मंडल की महिलाओं को एसबीआई आरसेटी के माध्यम से विभिन्न प्रकार के निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हुनरमंद होना अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी एवं सब्जी खेती तथा पौधशाला प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण मिश्रा ने प्रशिक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महिलाओं को प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान आरसेटी पाकुड़ के वरिष्ठ संकाय सह कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार बर्धन ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विपणन, बाजार सर्वेक्षण, उद्यमिता विकास, बैंकिंग एवं बीमा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी, ताकि महिलाएं अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर सकें।
इस अवसर पर जेएसएलपीएस पाकुड़ के जिला प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, आरसेटी पाकुड़ के संकाय वापी दास, प्रशिक्षक अकरम अंसारी, रंजू देवी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

