डीएमएफटी योजनाओं की प्रगति पर उपायुक्त सख्त, लंबित कार्यों को समयसीमा में पूरा करने का निर्देश।
अधूरी योजनाओं को पूर्ण दिखाने पर नाराजगी, पारदर्शी व तथ्यात्मक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

साहिबगंज। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत पूर्ण एवं अपूर्ण योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कार्यकारी एजेंसियों ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की अधिकांश योजनाएं प्रगति पर हैं। इस पर उपायुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट में कार्य पूर्ण दर्शाया गया है, जबकि वास्तविकता में कार्य अधूरा है। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रगति रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यात्मक, पारदर्शी और वास्तविक स्थिति पर आधारित होनी चाहिए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग फील्ड स्तर पर की जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र और प्रभावी रूप से मिल सके।

बैठक में विभिन्न विभागों जैसे राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम (NREP), ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, भवन प्रमंडल, असैनिक शल्य चिकित्सा विभाग, नगर परिषद तथा समेकित जनजातीय विकास अभिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
इन प्रमुख परियोजनाओं पर हुई विशेष चर्चा शकुंतला घाट पर स्थायी सीढ़ी घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य, सदर अस्पताल मार्ग पर चारदीवारी एवं उद्यानिकी कार्य, मंडरो प्रखंड के सिमङा पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, बरहेट प्रखंड के ग्राम लबरी में पीसीसी सड़क निर्माण, एचएससी सिरसा में चारदीवारी एवं अन्य निर्माण कार्य, मध्य विद्यालय बरहेट में अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण, पतना प्रखंड के तलबङिया में फुटबॉल मैदान की गैलरी निर्माण, सकड़ोगढ़ तालाब के किनारे रिटेनिंग वॉल निर्माण, शिवगादी धाम के समीप शौचालय-सह-स्नानघर निर्माण, बड़हरवा के प्लासबोना में कब्रिस्तान के पास सीढ़ी घाट निर्माण
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम भगत, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




