Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

जिले में शिक्षक उपस्थिति, छात्र उपस्थिति एवं APAAR ID जनरेशन में सुधार के निर्देश।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, APAAR ID जनरेशन, नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, विद्यालय भ्रमण एवं आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान शिक्षक उपस्थिति की समीक्षा में पाया गया कि जिले में बायोमैट्रिक शिक्षक उपस्थिति 84.27 प्रतिशत है, जबकि लगभग 15 प्रतिशत विद्यालयों में बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है। इस पर उपायुक्त ने सभी सीआरपी (CRP) को निर्देश दिया कि ऐसे विद्यालयों का एक माह के भीतर भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं कि किन कारणों से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नेटवर्क उपलब्ध रहने के बावजूद यदि कोई शिक्षक बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव समर्पित किया जाए।

छात्र उपस्थिति की समीक्षा के क्रम में तालझारी प्रखंड की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (CM SOE) के CBSE कक्षा 10वीं विज्ञान संकाय के परीक्षा परिणाम की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने परिणाम अपेक्षाकृत कम होने पर चिंता व्यक्त करते हुए कारणों की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में अतिरिक्त घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र प्रस्ताव समर्पित करने को कहा गया।

APAAR ID जनरेशन की समीक्षा में बोरियो, मंडरो, पतना एवं तालझारी प्रखंडों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस पर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सीआरपी को विशेष अभियान चलाकर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में छात्राओं के नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंडरो एवं उधवा KGBV में अपेक्षाकृत कम नामांकन पर चिंता व्यक्त करते हुए यथाशीघ्र शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के दौरान बीआरपी (BRP) एवं सीआरपी द्वारा विद्यालय भ्रमण, स्कूल बैग वितरण तथा पाठ्यपुस्तक वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने समयबद्ध तरीके से सभी विद्यार्थियों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दूरस्थ क्षेत्रों के कुछ विद्यालयों में पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी प्राप्त हुई। इस पर उपायुक्त ने सोलर आधारित जलमीनार एवं डीप बोरिंग से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, सभी बीआरपी, सीआरपी तथा शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!