Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया पाकुड़ का मान।

महिला हितैषी पंचायत श्रेणी में देशभर में द्वितीय स्थान, राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित।

पाकुड़। पाकुड़ जिले की झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत ने महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर राष्ट्रीय स्तर पर जिले एवं राज्य का नाम रोशन किया है। पंचायत को “महिला हितैषी पंचायत” श्रेणी में पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पंचायत को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. बघेल द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत की ओर से जिला परिषद अध्यक्ष ख्रिष्टमुनि हेम्ब्रम, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, मुखिया नरगिसा सुल्तान एवं पंचायत सचिव मो. मुस्तकिर ने सम्मान ग्रहण किया।

समारोह में राज्य नोडल पदाधिकारी सज्जाद मजीद तथा प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक आनंद प्रकाश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पंचायत को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में किए गए नवाचारों, जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों तथा पंचायत स्तर पर सुशासन की प्रभावी पहलों का परिणाम माना जा रहा है।

झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत द्वारा महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने, सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में किए गए कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। पंचायत ने ग्रामीण विकास, महिला सहभागिता एवं सामाजिक समावेश के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचायत की मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिव, ग्रामीणों एवं संबंधित अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे पाकुड़ जिले के लिए गर्व का विषय है तथा जिले की अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

उपायुक्त ने कहा कि जिले की पंचायतें जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण एवं सतत विकास के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रही हैं। झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान ग्रामीण विकास एवं सुशासन के प्रति जिले की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी जिले की पंचायतें इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगी।

झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत की यह सफलता न केवल पाकुड़ जिले बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!