कड़ी सुरक्षा एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई NEET-UG 2026 परीक्षा।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

पाकुड़,। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का आयोजन जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सुदृढ़ प्रशासनिक निगरानी तथा शांतिपूर्ण वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका) तथा पाकुड़ पॉलिटेक्निक परीक्षा केंद्रों का दौरा कर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारी, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षार्थियों को भयमुक्त, पारदर्शी एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की सतत निगरानी रखी जा रही थी।
उन्होंने केंद्रों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता, जवाबदेही एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनी रहे।

जिले में NEET-UG 2026 परीक्षा के लिए कुल दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दोनों केंद्रों पर कुल 548 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इनमें से 500 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 48 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इस प्रकार जिले में कुल उपस्थिति प्रतिशत 91.24 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
परीक्षा संपन्न होने के बाद उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने परीक्षा संचालन में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, शिक्षकों, कर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुशासित कार्यशैली, प्रतिबद्धता तथा बेहतर समन्वय के कारण जिले में NEET-UG 2026 परीक्षा का सफल, पारदर्शी और व्यवस्थित आयोजन संभव हो सका।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के दौरान इसी प्रकार की सतर्कता, पारदर्शिता एवं प्रशासनिक दक्षता बनाए रखी जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास परीक्षा प्रणाली में और अधिक मजबूत हो सके।


