नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ, सोमवार को क्रॉस कंट्री दौड़ व पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया अभियान का शुभारंभ, युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का दिया संदेश।

साहिबगंज। खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज द्वारा मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं उनकी रोकथाम को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को फूलो-झानो इंडोर स्टेडियम में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को प्रातः 6 बजे सिद्धो-कान्हु स्टेडियम से महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। वहीं संध्या 4 बजे चांद-भैरव इंडोर स्टेडियम, साहिबगंज में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागी नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली विषय पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करना है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी इसका लक्ष्य है।
अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं एवं खिलाड़ियों के बीच मादक पदार्थों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, कोच योगेश यादव, प्रकाश सिंह बादल सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।


