500 सदस्यीय मजबूत संगठन बनाने का लक्ष्य, हर व्यापारी तक पहुंचेगा चैंबर : राजेश अग्रवाल।
ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को जिले का सबसे सक्रिय व्यापारिक मंच बनाने का संकल्प।

साहिबगंज । ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजेश अग्रवाल ने संगठन को और अधिक मजबूत, व्यापक एवं प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा है कि आगामी दो वर्षों में चैंबर को 500 सदस्यीय सशक्त संगठन के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारिक संगठन की वास्तविक ताकत उसकी सदस्य संख्या, सक्रियता और व्यापारियों की एकजुटता में निहित होती है।
राजेश अग्रवाल ने बताया कि जब उन्होंने चैंबर की जिम्मेदारी संभाली थी, उस समय संगठन में मात्र 35 से 40 सक्रिय सदस्य थे। लगातार सदस्यता अभियान और व्यापारियों के सहयोग के कारण आज यह संख्या बढ़कर 133 सम्मानित सदस्यों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व में बनाए गए कुछ सीमित नियम नहीं होते, तो सदस्य संख्या और अधिक हो सकती थी।
उन्होंने कहा कि पहले यह नियम बनाया गया था कि “चैंबर स्वयं सदस्य बनाने नहीं जाएगा, बल्कि जो व्यापारी स्वयं आएंगे, उन्हें ही सदस्य बनाया जाएगा।” यह नियम कार्यकारिणी समिति से भी पारित कराया गया था, जिसके कारण सदस्यता विस्तार की गति प्रभावित हुई।
राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें पुनः सेवा का अवसर मिलता है, तो वे जिले के हर छोटे और बड़े व्यापारी तक चैंबर की पहुंच सुनिश्चित करेंगे। उनका लक्ष्य है कि अगला चैंबर चुनाव कम से कम 500 सदस्यों के बीच कराया जाए, ताकि संगठन वास्तव में पूरे जिले के व्यापारियों की सशक्त आवाज बन सके।
उन्होंने कहा कि चैंबर केवल चुनिंदा व्यापारियों का मंच नहीं रहेगा, बल्कि जिले के प्रत्येक व्यवसायी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान राजमहल, तालझाड़ी, मिर्जाचौकी, सकरीगली, बोरियो और तीनपहाड़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया गया। इन अभियानों के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को संगठित रूप से प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया गया।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि राजमहल और मिर्जाचौकी में पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठकों का भी आयोजन किया गया, जहां व्यापारियों ने सुरक्षा, व्यवसायिक समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा। इन बैठकों से व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास का माहौल बना।
भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही साहिबगंज में जिला स्तरीय व्यापारियों की बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) टाउन हॉल में कराने की योजना बनाई जा रही है, ताकि जिले भर के व्यापारी एक मंच पर आकर खुलकर अपनी बात रख सकें।
उन्होंने कहा कि चैंबर व्यापारियों के अधिकार, सम्मान और समस्याओं की आवाज है। संगठन का उद्देश्य जिले के हर व्यापारी को एकजुट कर उन्हें मजबूत मंच प्रदान करना है।
राजेश अग्रवाल ने कहा, “मेरा उद्देश्य है कि साहिबगंज जिले का प्रत्येक व्यापारी चैंबर से जुड़े। जब व्यापारी एकजुट होंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा। हमारा प्रयास चैंबर को जिले का सबसे मजबूत, सक्रिय और प्रभावशाली व्यापारिक संगठन बनाना है।




