Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

सहकारिता एवं आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, उपायुक्त हेमंत सती ने कार्यों में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश।

राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और गैस वितरण व्यवस्था पर विशेष जोर, कई प्रखंडों के कार्यों पर जताई नाराजगी।

साहिबगंज। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सहकारिता विभाग, आपूर्ति विभाग एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने राशन कार्ड निष्पादन एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जन वितरण प्रणाली (PDS) के डीलरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि लाभुकों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।

प्रखंडवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बोरियो, उधवा एवं मंडरो प्रखंड में कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया और संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही नए राशन कार्ड निर्गमन एवं डीलर परिवर्तन से जुड़े लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने को कहा।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में निर्माणाधीन गोदामों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसकी रिपोर्ट शीघ्र वरीय पदाधिकारियों को सौंपने का आदेश दिया।

गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के घर तक गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वितरण के लिए किसी भी अनधिकृत या अस्थायी स्थान का उपयोग नहीं किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गैस वितरण से संबंधित शिकायतों के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर

9006963963, 9631155933, 9065370630, 06436-356485, 06436-222101, 06436-222202 जारी किए गए हैं। इसके अलावा जिला आपूर्ति पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 7991177546 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नु कुमार मिश्रा, जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित संबंधित एजीएम एवं बीएसओ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!