Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

मोहर्रम पर विधायक एमटी राजा ने अखाड़े में दिखाई लाठीबाजी की कला, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।

फुदकीपुर इंग्लिश मैदान में भव्य स्वागत, हजारों लोगों की मौजूदगी में दिया भाईचारे और सौहार्द का संदेश।

साहिबगंज। मोहर्रम के पावन अवसर पर राजमहल के विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने उधवा प्रखंड के फुदकीपुर इंग्लिश मैदान में आयोजित पारंपरिक अखाड़ा जुलूस में शामिल होकर क्षेत्रवासियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान विधायक ने स्वयं अखाड़े में उतरकर पारंपरिक लाठी खेल का प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन से उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला तथा लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत और उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर मोहर्रम कमेटी की ओर से विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, अंचल अधिकारी आशीष मंडल तथा थाना प्रभारी अमर मिंज का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, शांति, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला अवसर है। उन्होंने सभी लोगों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता इस क्षेत्र की सबसे बड़ी पहचान है। इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

फुदकीपुर इंग्लिश मैदान में आयोजित भव्य मेले एवं अखाड़ा प्रदर्शन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी। विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक लाठी, तलवार एवं अन्य युद्धक कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। विधायक ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

फुदकीपुर इंग्लिश मैदान के कार्यक्रम के बाद विधायक एमटी राजा फुदकीपुर हटिया परिसर एवं बेगमगंज में आयोजित अखाड़ा कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। वहां उन्होंने मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं और सभी से सामाजिक सद्भाव, शांति एवं भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।

मोहर्रम के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारी, अखाड़ा के खिलाड़ी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह और सांप्रदायिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। लोगों ने पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन का आनंद लिया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देकर सामाजिक एकता का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!