Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 47 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

गुप्त सूचना पर चला विशेष अभियान, 36 हजार रुपये से अधिक मूल्य की शराब जब्त।

बरहरवा साहिबगंज। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन से अवैध रूप से विदेशी शराब की तस्करी कर रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 47.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 36,540 रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बरहरवा रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग एवं अन्य सामान के साथ मौजूद हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई जे.के. दुबे, कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार, अनिल कुमार साह, अजय कुमार एवं डब्ल्यूसी अमित धर चौधरी शामिल थे।

आरपीएफ टीम ने वेटिंग हॉल के पास सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। पूछताछ में दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और अपने बैगों की तलाशी देने से भी इंकार करने लगे। इसके बाद यात्रियों की उपस्थिति में उनके सामान की गहन जांच की गई।

गिरफ्तार आरोपी परशुराम राय (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय आनंदी राय, निवासी राजौरा, थाना मुफस्सिल, जिला बेगूसराय (बिहार) के कब्जे से एक पिट्ठू बैग एवं प्लास्टिक के झोले से कुल 86 पाउच ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की (180 एमएल) बरामद किए गए।कुल मात्रा : 15.480 लीटर, अनुमानित मूल्य : ₹12,040

दूसरे आरोपी विकेश ठाकुर (39 वर्ष), पिता अरुण ठाकुर, निवासी खम्हार, थाना मुफस्सिल, जिला बेगूसराय (बिहार) के दो ट्रॉली बैगों की तलाशी लेने पर कुल 176 पाउच ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की (180 एमएल) बरामद हुई।कुल मात्रा  31.680 लीटर, अनुमानित मूल्य ₹24,500

आरपीएफ द्वारा दोनों आरोपियों के पास से कुल 262 पाउच विदेशी शराब बरामद की गई।कुल मात्रा : 47.160 लीटर, कुल अनुमानित मूल्य : ₹36,540

आरपीएफ ने बरामद शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त बैगों को विधिवत जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों से स्वतंत्र गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। इसके बाद उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार की गई।

प्रारंभिक जांच में बरामद शराब की मात्रा निर्धारित व्यक्तिगत सीमा से कहीं अधिक पाई गई। आरपीएफ का मानना है कि दोनों आरोपी रेलवे के माध्यम से अवैध रूप से व्यावसायिक उद्देश्य से विदेशी शराब की तस्करी कर रहे थे।

सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब, जब्ती सूची, गिरफ्तारी ज्ञापन एवं लिखित शिकायत के साथ दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज के उपनिरीक्षक दीपक कश्यप को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!