राजमहल में अवैध लॉटरी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 1,879 टिकटों के साथ एक गिरफ्तार।
कसवा गांव में छापेमारी के दौरान 57 बंडलों में मिले लॉटरी टिकट; राजमहल थाना में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच।

राजमहल साहिबगंज। जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए साहिबगंज पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में राजमहल थाना क्षेत्र के कसवा गांव में अवैध लॉटरी की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 57 बंडलों में रखे 1,879 लॉटरी टिकट बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 की शाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को कसवा गांव में अवैध लॉटरी की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने सूचना के आधार पर कसवा गांव में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजीव मंडल, पिता दुखु मंडल, निवासी कसवा गांव, थाना राजमहल, जिला साहिबगंज बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से विभिन्न कंपनियों के लॉटरी टिकट बरामद हुए। गिनती करने पर कुल 57 बंडलों में 1,879 टिकट मिले ,एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने सभी टिकट जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 358/2026, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान का भी उल्लेख है। फिलहाल पुलिस अवैध लॉटरी के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को 12 अक्टूबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, महादेव उरांव, ओम प्रकाश चौहान, पवन यादव सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध लॉटरी की खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाना है। मामले में आगे की जांच जारी है।



