राजमहल अनुमंडल अस्पताल में मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, “वन वीक वन सीएससी” टीकाकरण अभियान पर विशेष जोर।
11 मई से राजमहल और 18 मई से उधवा में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू, एक भी बच्चा न छूटे अधिकारियों की सख्त चेतावनी।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल अनुमंडल अस्पताल में सोमवार को उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू एवं उधवा प्रखंड के चिकित्सा प्रभारी डॉ. मो. गुफरान की संयुक्त अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं और कार्यक्रमों की क्रमवार समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक के दौरान “वन वीक वन सीएससी” कार्यक्रम के अंतर्गत चलाए जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान राजमहल प्रखंड में 11 मई से तथा उधवा प्रखंड में 18 मई से प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि अभियान के उपरांत यदि किसी भी क्षेत्र में अप्रतिरक्षित बच्चे पाए जाते हैं, तो संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सह लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, पीएचएम सूरज कुमार, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि सुनील रंजन, यूनिसेफ से जुड़े विनोद शर्मा सहित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, एएनएम, एमपीडब्ल्यू एवं सहिया साथी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए टीकाकरण अभियान को पूर्णतः सफल बनाने का आह्वान किया गया।



