कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न, सत्र 2026-27 के लिए चयन सूची को मिली मंजूरी।
कक्षा 6 से 11 तक विभिन्न वर्गों में छात्राओं का चयन, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पारदर्शी एवं समयबद्ध नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

पाकुड़।शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय नामांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की। इस दौरान प्रखंड स्तर से प्राप्त नामांकन प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा करते हुए पात्र छात्राओं के चयन पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रखंड स्तरीय नामांकन समिति द्वारा अनुमोदित अभ्यर्थियों की सूची जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई। समिति के सदस्यों ने सूची का बिंदुवार परीक्षण एवं समीक्षा की। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के उपरांत जिला स्तरीय नामांकन समिति ने चयन सूची का सर्वसम्मति से अनुमोदन कर दिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 में नामांकन की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। उपलब्ध सीटों के विरुद्ध चयनित छात्राओं की संख्या इस प्रकार है, कक्षा 6 : 425 सीटों के विरुद्ध 414 छात्राओं का चयन, कक्षा 7 : 34 सीटों के विरुद्ध 33 छात्राओं का चयन, कक्षा 8 : 30 सीटों के विरुद्ध 29 छात्राओं का चयन, कक्षा 9 : 41 सीटों के विरुद्ध 37 छात्राओं का चयन, कक्षा 11 : 65 सीटों के विरुद्ध 41 छात्राओं का चयन
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि पात्र छात्राओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित इस योजना का लाभ अधिक से अधिक योग्य छात्राओं तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि (पाकुड़, महेशपुर एवं लिट्टीपाड़ा), बीईईओ, एडीपीओ, एपीओ तथा संबंधित विद्यालयों की वार्डेन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




