Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला में युवाओं को मिला रोजगार का सुनहरा अवसर।

23 प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता, 530 युवाओं ने कराया पंजीकरण, 134 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन, 258 हुए शॉर्टलिस्ट।

पाकुड़। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर, पाकुड़ द्वारा बुधवार को बाजार समिति परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। मेले में आठवीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक स्तर तक के अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। रोजगार मेले में कुल 23 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। मेले में कुल 530 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 134 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया। वहीं 258 अभ्यर्थियों को आगामी चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त कर युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। रोजगार मेले ने युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि पहली नौकरी किसी भी युवा के करियर की महत्वपूर्ण शुरुआत होती है, लेकिन इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल वेतन प्राप्त करने में नहीं, बल्कि अनुभव अर्जित करने, कौशल विकसित करने और निरंतर सीखते रहने की क्षमता में निहित है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाएं, अपने कौशल को लगातार निखारें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रही है। युवाओं को इन योजनाओं से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखनी चाहिए।

दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का माध्यम बना, बल्कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों से सीधे संवाद और करियर मार्गदर्शन का अवसर भी मिला। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता ने यह साबित किया कि रोजगार एवं कौशल विकास के प्रति युवाओं में जागरूकता और उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

इस अवसर पर राजेडी सचिव रंजीत कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, विभागीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!