Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

प्रमाण-पत्र विशेष शिविर का उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित।

पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल, लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्रों का किया गया वितरण।

पाकुड़ । जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं की सुगम एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित विशेष प्रमाण-पत्र शिविरों का निरीक्षण उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने हिरणपुर प्रखंड की बागशीशा एवं सुंदरपुर पंचायत में किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से संवाद कर अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

उप विकास आयुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को जाति, आय, स्थानीय निवासी सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाकर आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर बनवाएं।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने शिविर में उपस्थित लाभुकों के बीच जाति एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने लाभुकों से प्राप्त सेवाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

शिविर निरीक्षण के उपरांत उप विकास आयुक्त ग्राम गोपालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मनरेगा अंतर्गत संचालित लाभुक सुमित्रा देवी की बिरसा हरित ग्राम योजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजना की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया तथा एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से योजना का डिजिटल कैप्चरिंग कार्य संपादित किया।

उन्होंने लाभुक को बागवानी क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, पौधों की समुचित देखभाल करने तथा बागवानी परिसर में मिश्रित खेती को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण परिवारों की आय वृद्धि, रोजगार सृजन एवं आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, समय-समय पर स्थल निरीक्षण तथा लाभुकों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया, ताकि योजनाओं का अपेक्षित लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी हिरणपुर दिलीप टुडू, परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान, बीपीओ टिंकल चौधरी, कनीय अभियंता परेश कुमार भारती सहित संबंधित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष प्रमाण-पत्र शिविर एवं विकास योजनाओं के निरीक्षण के माध्यम से जिला प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, प्रशासनिक सेवाओं को सरल बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!