तालझारी में 283 ग्राम गांजा बरामद, महिला गिरफ्तार।
गुप्त सूचना के आधार पर जमुनी सकरीगली गांव में पुलिस की छापेमारी; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी।

साहिबगंज। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तालझारी थाना क्षेत्र के जमुनी सकरीगली गांव में छापेमारी कर 283 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने माया देवी नामक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला को 12 अक्टूबर 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि तालझारी थाना क्षेत्र के जमुनी सकरीगली गांव में प्रेमलाल महलदार के घर पर गांजा की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने तालझारी के अंचलाधिकारी रामसुमन प्रसाद की उपस्थिति में संबंधित घर पर छापेमारी की। इस दौरान घर के पीछे एक महिला काले रंग के प्लास्टिक में गांजा लेकर भागने का प्रयास करती दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
महिला के पास मौजूद काले रंग के प्लास्टिक पैकेट की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 283 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान माया देवी के रूप में हुई है।
इस मामले में तालझारी थाना कांड संख्या 177/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18/20(i)(b)/22 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है। जांच के दौरान गांजा की कथित अवैध बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
छापेमारी दल पुलिसकर्मी शामिल इस कार्रवाई में तालझारी के अंचलाधिकारी रामसुमन प्रसाद, राजमहल पुलिस निरीक्षक प्रभाग राजीव रंजन तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, रंजन कुमार यादव, चुड़का हेम्ब्रम, आरक्षी संख्या 25 राजाराम सिंह, वीरेंद्र यादव और आरक्षी संख्या 416 सुरेंद्र सेन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




