झारखंड

जिला समन्वय समिति की बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश।

प्रमाण-पत्रों के लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निपटारा करने पर जोर, विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में मंगलवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों, विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनहित के कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में लंबित जन्म, जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्रों के आवेदनों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को पात्र आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया। ऑफलाइन प्राप्त जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्रों के आवेदनों की नियमानुसार जांच एवं सत्यापन के बाद ही प्रमाण-पत्र निर्गत करने को कहा गया।

साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र स्थित दीप आई हॉस्पिटल भवन को सदर अस्पताल को हस्तांतरित किए जाने के मामले की भी समीक्षा हुई। सिविल सर्जन ने बताया कि भवन हस्तांतरण की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उपायुक्त ने भवन में ओपीडी संचालन के लिए आवश्यक जीर्णोद्धार एवं अन्य कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।

बरहेट प्रखंड में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रस्तावित अनाज गोदाम के निर्माण को लेकर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बरहेट प्रखंड के डुमरिया गांव के समीप प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण में आ रही बाधा की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को ग्रामीणों से पुनः वार्ता कर मामले का समाधान सुनिश्चित करने तथा आवश्यक समन्वय के साथ निर्माण कार्य आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सर्वजन पेंशन योजना पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने अपात्र पाए गए एवं सूची से हटाए गए लाभुकों को पूर्व में किए गए भुगतान की राशि की नियमानुसार वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, भविष्य में अपात्र व्यक्तियों का नाम योजना में शामिल न हो, इसके लिए आवेदन एवं पात्रता की जांच गंभीरता से करने को कहा।

मदनशाही-सकरीगली पथ निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुछ ग्रामीणों द्वारा निर्माणाधीन नालियों में मिट्टी भरकर कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है। उपायुक्त ने मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।

सदर अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कैमरों की स्थिति एवं संचालन की जांच के लिए समिति गठित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। साथ ही, खराब उपकरणों की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराकर अस्पताल की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने को कहा।

बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागीय एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आइन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!