Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर साहिबगंज में श्रमिक अधिकार जागरूकता का व्यापक अभियान।

सशक्त श्रमिक, सशक्त समाज” के संकल्प के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने चलाया जन-जागरूकता अभियान, नालसा हेल्पलाइन 15100 का किया गया व्यापक प्रचार।

साहिबगंज। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर साहिबगंज जिले में “श्रमिक अधिकार, हमारा सम्मान” के संकल्प के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा एक व्यापक एवं प्रभावशाली जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज  अखिल कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के तहत पूरे जिले में पीएलवी पारा लीगल वॉलंटियर एवं न्याय मित्रों द्वारा पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों, निर्माण स्थलों और बाजार क्षेत्रों में सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। “सशक्त श्रमिक सशक्त समाज” जैसे प्रेरणादायक संदेशों के माध्यम से श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

बैनर, पोस्टर, पंपलेट और जनसंवाद के जरिए श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह प्रभारी सचिव श्री सिंधु नाथ लामाये ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनका सम्मान, सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करना राज्य का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रमिक को उचित वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल तथा सामाजिक सुरक्षा का अधिकार प्राप्त है।

उन्होंने श्रम कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि न्यूनतम मजदूरी, कार्य के घंटे, महिला श्रमिकों के अधिकार, बाल श्रम निषेध एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़े सख्त प्रावधान बनाए गए हैं, जिनका उल्लंघन दंडनीय है। साथ ही उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता अवश्य लें।

अभियान के दौरान विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी विस्तारपूर्वक दी गई। आम श्रमिकों के बीच पंपलेट वितरित कर उन्हें उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की हेल्पलाइन संख्या 15100 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि जरूरतमंद श्रमिक समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।

इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े श्रमिकों तक उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें न्याय के प्रति सजग और सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में स्थानीय श्रमिकों, युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “सुरक्षित एवं सम्मानित श्रमिक—समृद्ध साहिबगंज” के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!