झारखंड

साहिबगंज में रोजगार की दिशा में जिला प्रशासन की बड़ी पहल।

भर्ती-सह-पंजीयन कैंप में 200 रिक्तियों के लिए प्रक्रिया, 18 अभ्यर्थियों का चयन और 12 शॉर्टलिस्ट।

साहिबगंज। जिले के युवाओं एवं युवतियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल को एक और सफलता मिली है। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, साहिबगंज द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), साहिबगंज परिसर में एक दिवसीय भर्ती-सह-पंजीयन कैंप का सफल आयोजन किया गया।

कैंप का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं एवं युवतियों को रोजगार के उपलब्ध अवसरों से जोड़ना, नियोजकों और अभ्यर्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।

भर्ती कैंप में Dusky Stallion Education and Training Services एवं Jawahari Services Pvt. Ltd. सहित कुल दो नियोजकों ने भाग लिया। विभिन्न पदों, जैसे NAPS Trainee, Tools Maintainer, Packing & Quality तथा Packing Tools के लिए कुल 200 रिक्तियां उपलब्ध थीं।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान 18 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 12 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके अतिरिक्त कैंप के माध्यम से 22 युवक-युवतियों का नियोजन पोर्टल पर पंजीयन भी कराया गया।

रोजगार कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अभ्यर्थियों को जिला नियोजनालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई।

अभ्यर्थियों को आईटी लैब, पुस्तकालय, कैरियर काउंसलिंग सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण एवं नामांकन की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।

जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित यह भर्ती-सह-पंजीयन कैंप युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और कैरियर मार्गदर्शन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कैंप के माध्यम से एक ही मंच पर नियोजकों और अभ्यर्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिला नियोजनालय की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी लगातार रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले के युवाओं को सुरक्षित, बेहतर एवं उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रभारी प्राचार्य आईटीआई साहिबगंज सत्यनारायण मंडल, यंग प्रोफेशनल राजीव रंजन कुमार, लिपिक समीर मरांडी सहित नियोजक प्रतिनिधि चंदन कुमार एवं अजीत कुमार तथा जिला नियोजनालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!