बालू घाटों से प्राप्त OSR राशि का जनहित में प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें : जिला पंचायत राज पदाधिकारी।
ग्राम पंचायतों को प्राप्त राशि के पारदर्शी, योजनाबद्ध एवं समयबद्ध उपयोग का निर्देश।

पाकुड़। ग्राम पंचायतों को बालू घाटों से प्राप्त वन सोर्स रेवेन्यू (OSR) राशि का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराई गई OSR राशि के उपयोग, विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति तथा वित्तीय प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने सभी संबंधित मुखिया एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों को प्राप्त OSR राशि का व्यय राज्य सरकार एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध राशि का उपयोग पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार एवं स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति को प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इसका प्रत्यक्ष एवं स्थायी लाभ मिल सके।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने सभी स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं को निर्धारित तकनीकी एवं वित्तीय मानकों के अनुरूप ही पूर्ण कराया जाए।
बैठक के दौरान सभी पंचायतों को OSR राशि से संबंधित व्यय विवरण, अभिलेख एवं आवश्यक दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रत्येक योजना की प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए वित्तीय पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने कहा कि बालू घाटों से प्राप्त OSR राशि ग्राम पंचायतों के विकास का महत्वपूर्ण संसाधन है। इसका उपयोग पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर एवं योजनाबद्ध प्रबंधन ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करेगा तथा आम लोगों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
बैठक में OSR राशि के प्रभावी उपयोग, योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।




