राजमहल के मुरली पहाड़ ITI में जल्द शुरू होगी तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई।
विधायक एमटी राजा ने मंत्री संजय प्रसाद यादव से की मुलाकात, ITI भवन के संचालन को लेकर सौंपा पत्र।

राजमहल। झारखंड विधानसभा परिसर में राजमहल विधायक एमटी राजा ने झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव से मुलाकात कर राजमहल के मुरली पहाड़ स्थित ITI भवन में तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू कराने की मांग की।
विधायक एमटी राजा ने इस संबंध में मंत्री को पत्र सौंपते हुए कहा कि मुरली पहाड़ स्थित ITI भवन का बेहतर उपयोग करते हुए क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र आवश्यक पहल की जानी चाहिए। उन्होंने ITI में नियमित रूप से तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू कराने अथवा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मोड के माध्यम से संस्थान का संचालन शुरू करने का प्रस्ताव रखा।
विधायक की मांग पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने आश्वस्त किया कि मामले में बहुत जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजमहल के मुरली पहाड़ स्थित ITI में तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई शुरू कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही।
मुरली पहाड़ ITI में पढ़ाई शुरू होने से राजमहल क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपने क्षेत्र में ही तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के कौशल विकास के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विधायक एमटी राजा ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के स्तर से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मुरली पहाड़ स्थित ITI में तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।




