साहिबगंज में खेल एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न, प्रशिक्षण केंद्रों और खेल अवसंरचना के विकास पर जोर।
भोगनाडीह में नए फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र की तैयारी तेज, सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में 8 लेन सिंथेटिक ट्रैक और गैलरी विस्तार की योजना।

साहिबगंज जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला खेल एवं पर्यटन विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा खेल अवसंरचना के समग्र विकास पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देशों के आलोक में बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह स्थित सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में 25 आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। जब तक वहां आवश्यक आधारभूत संरचना पूरी तरह विकसित नहीं हो जाती, तब तक यह प्रशिक्षण केंद्र साहिबगंज स्थित सिद्धो-कान्हू स्टेडियम के 50 बेड वाले खेल छात्रावास में संचालित किया जाएगा।

उपायुक्त ने डे-बोर्डिंग बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज में प्रशिक्षक की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नवस्थापित फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के लिए प्रशिक्षकों की पदस्थापना हेतु विभाग को पत्राचार करने और अंतरिम व्यवस्था के तहत जिला मुख्यालय में कार्यरत खेल शिक्षक की प्रतिनियुक्ति पर विचार करने को कहा।
इसके अलावा, आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र सहित अन्य सभी प्रशिक्षण केंद्रों में रिक्त प्रशिक्षुओं के चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। डे-बोर्डिंग बालिका एवं बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्रों में भी खाली सीटों को भरने पर विशेष बल दिया गया।
स्टेडियम के विकास के तहत सिद्धो-कान्हू स्टेडियम की गैलरी विस्तार योजना के मद्देनजर सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा को नव-निर्मित विज्ञान भवन के समीप स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 8 लेन सिंथेटिक ट्रैक निर्माण के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि निर्माणाधीन फुटसल पिच के समीप बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाए। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न प्रखंडों में डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए विभाग को पुनः पत्राचार करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में लिए गए निर्णयों से स्पष्ट है कि साहिबगंज जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है, जिससे आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।




