मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, अपर समाहर्ता विजय कुमार ने किया निरीक्षण।
बरहेट के विभिन्न मतदान केंद्रों का लिया जायजा, पात्र नागरिकों से नाम दर्ज कराने एवं त्रुटियों में सुधार कराने की अपील।

बरहेट साहिबगंज। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 08 एवं 09 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 03-बरहेट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विजय कुमार ने शनिवार को बरहेट प्रखंड अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 171, 172, 184, 185, 186, 187, 190 एवं 192 का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी साझा की और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन कराने के लिए प्रेरित किया।

अपर समाहर्ता विजय कुमार ने बताया कि 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक नियमानुसार प्रपत्र-6 एवं घोषणा-पत्र के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता, मोबाइल नंबर अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ-साथ गलत अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का समय पर सुधार अवश्य कराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को भी शिविर के दौरान आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बरहेट अंशु कुमार पाण्डेय सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



