झारखंड

रक्तदान के लिए आगे आए खनन एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारी-कर्मी, जनसेवा का दिया प्रेरक संदेश।

पाकुड़ ब्लड बैंक में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से 87 यूनिट रक्त संग्रह।

पाकुड़। जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक), पाकुड़ में विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं संगठनों के पदाधिकारियों, कर्मियों तथा प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 87 यूनिट रक्तदान किया। सामूहिक सहभागिता के माध्यम से रक्तदान के प्रति सामाजिक जागरूकता एवं मानव सेवा का संदेश दिया गया।

शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता कभी भी पड़ सकती है। ऐसे समय में ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक सहायता साबित होता है।

शिविर में पुलिस विभाग, स्टोन माइनिंग एवं कोल माइनिंग, जिला खनन विभाग, अलुबेरा बटालियन पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, इंसानियत फाउंडेशन, गरीबों का मसीहा एवं नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

रक्तदान में पुलिस विभाग की ओर से 35 यूनिट, स्टोन माइनिंग एवं कोल माइनिंग की ओर से 28 यूनिट, अलुबेरा बटालियन पुलिस से 6 यूनिट, स्वास्थ्य विभाग से 2 यूनिट, इंसानियत फाउंडेशन से 3 यूनिट, गरीबों का मसीहा संस्था से 3 यूनिट, नगर परिषद से 4 यूनिट तथा अन्य माध्यमों से 6 यूनिट रक्तदान किया गया।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान ब्लड बैंक की व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आपात स्थिति में मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर निरंतर सामाजिक सहभागिता का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक माह जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके और जिले में रक्त की निरंतर उपलब्धता बनी रहे।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उन्होंने जिले के स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

शिविर में प्रशासनिक विभागों, पुलिस बल, खनन क्षेत्र, स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद एवं सामाजिक संस्थाओं की सामूहिक भागीदारी ने जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के रक्तदान से अन्य लोगों को भी इस मानवीय कार्य के लिए आगे आने की प्रेरणा मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!