पाकुड़ में डिजिटल शिक्षा की बड़ी पहल: जे-गुरुजी एप से 8,716 विद्यार्थियों की ऑनलाइन कंप्यूटर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न।
160 आईसीटी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, तकनीक आधारित शिक्षा को मिली नई मजबूती।

पाकुड़ । जिले में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला शिक्षा विभाग के निर्देशन में जिले के सभी आईसीटी (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) संचालित विद्यालयों में जे-गुरुजी एप के माध्यम से कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की ऑनलाइन कंप्यूटर परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
इस परीक्षा में जिले के कुल 160 आईसीटी विद्यालयों के 8,716 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आधुनिक तकनीक आधारित इस परीक्षा प्रणाली ने न केवल विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता का प्रभावी मूल्यांकन सुनिश्चित किया, बल्कि डिजिटल शिक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान की।
जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पुरती ने बताया कि जे-गुरुजी एप के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का मूल्यांकन अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों के प्रदर्शन का त्वरित विश्लेषण प्राप्त होगा। इससे कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि डिजिटल माध्यम से आयोजित इस परीक्षा ने विद्यार्थियों में तकनीकी जागरूकता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया है। भविष्य में प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को इस प्रकार की तकनीक आधारित गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

परीक्षा के सफल संचालन में जिला शिक्षा कार्यालय, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं आईसीटी प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विद्यालयों में पूर्व तैयारी, तकनीकी व्यवस्था, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं परीक्षा संचालन का कार्य पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ किया गया।
परीक्षा के दौरान उत्पन्न तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आईसीटी प्रशिक्षक लगातार सक्रिय रहे, जिसके कारण परीक्षा निर्बाध रूप से संपन्न हो सकी। विद्यार्थियों ने भी इस डिजिटल परीक्षा प्रणाली को आधुनिक, सरल एवं उपयोगी बताते हुए उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पुरती ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, आईसीटी प्रशिक्षकों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं जे-गुरुजी टीम को बधाई दी।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल संचालन में आईसीटी प्रभारी मुकेश कुमार तथा आईसीटी जिला समन्वयक सुदीप साहा, अमित शर्मा, जय प्रकाश साहा, अंकित कुमार एवं पुलक मंडल का विशेष योगदान रहा।


