जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर।

पाकुड़। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान परिवहन विभाग द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वर्ष 2024, 2025 एवं वर्ष 2026 के मार्च माह तक के सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की जानकारी दी गई। समीक्षा में बताया गया कि पिछले दो वर्षों की तुलना में वर्तमान वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है तथा प्रतिवर्ष लगभग 10 से 15 प्रतिशत तक गिरावट देखी जा रही है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक का जीवन अत्यंत महत्वपूर्ण है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हिट एंड रन से जुड़े किसी भी मामले को लंबित नहीं रखा जाए तथा सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने जिलेभर में व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा ओवर स्पीड, ट्रिपल राइडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने हेतु नियमित एवं सघन वाहन जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगाए गए बड़े डिवाइडर एवं बिजली के पोल को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही महेशपुर एवं सदर प्रखंड में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने एवं नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।


