पाकुड़ में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन प्लान, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने दिए सख्त निर्देश; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।
जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण की रणनीति तय, एसपी अनुदीप सिंह बोले—लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

पाकुड़। जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, माइनिंग इंस्पेक्टर, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जिले में चलाए जा रहे अवैध खनन विरोधी अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को मेजर एवं माइनर मिनरल्स से संबंधित नियमों का गहन अध्ययन कर उनका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों एवं उनके चालानों की नियमित और सघन जांच की जाए। कहीं भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को खदानों का नियमित औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने, कोयला परिवहन करने वाले सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढककर चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सीपीग्राम एवं पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही जिले के सभी चेकपोस्टों पर नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा आगामी 15 अक्टूबर तक निर्धारित सभी मानकों की पूर्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा खनन विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापेमारी अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए समन्वित, सतत एवं सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकल्प दोहराया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं उससे जुड़े सभी मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




