ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण।
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण एवं रखरखाव का लिया जायजा, निर्वाचन आयोग के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

साहिबगंज।जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव, अभिरक्षा तथा प्रबंधन का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा उपायों का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी पाए जाने पर तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित कर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षण देने, सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी बनाए रखने तथा वेयरहाउस प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया निर्वाचन है और उसकी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षित अभिरक्षा अत्यंत आवश्यक है। इसलिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्येक सुरक्षा मानक का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




