साहिबगंज में श्रद्धा के साथ मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि।
कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, सदर अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण कर दिया सेवा का संदेश।

साहिबगंज।जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और भावुक वातावरण के बीच मनाई गई। जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने की। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह साहिबगंज जिला प्रभारी डॉ. मुन्नम संजय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का दूरदर्शी नेता बताया।

श्रद्धांजलि सभा के बाद जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान के नेतृत्व में सभी कांग्रेसजन साहिबगंज सदर अस्पताल पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया गया। नेताओं ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया और मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान सेवा और मानवता का संदेश देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मरीजों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने 21वीं सदी के भारत की मजबूत नींव रखी थी। कंप्यूटर क्रांति, दूरसंचार विस्तार, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती तथा 18 वर्ष की आयु में मताधिकार जैसे ऐतिहासिक फैसले उनकी दूरदर्शिता का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि साहिबगंज जिला कांग्रेस राजीव गांधी के ‘नव भारत’ के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में फल वितरण कर कांग्रेसजनों ने उनके “सेवा ही धर्म” के संदेश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस गठबंधन सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है ताकि गरीबों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह जिला प्रभारी डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि राजीव गांधी का शहादत दिवस कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए संकल्प दिवस है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को विश्व की महाशक्ति बनाने का जो सपना देखा था, उसे कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरा करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि साहिबगंज की नई 50 सदस्यीय टीम बूथ स्तर तक राजीव गांधी के विचारों को पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत है तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में अनुकूल चन्द्र मिश्रा, मुर्शाद अली, मो. कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, उमेश पाण्डेय, सुनील पासवान, सरफराज आलम, नित्यानंद गुप्ता, राम श्रृंगार ओझा, रिज़वान अंसारी, मो. सलाहुद्दीन, नूरजहां बीबी, उमेश तिवारी, दिलीप गुप्ता, कद्दाफी मुर्शाद, जामुन दास, अली कुरैशी, सतीश पासवान, अल्ताफ हुसैन, परवेज आलम, शब्दुल अंसारी, नौशाद अंसारी, सुभाष, हरिचरण पासवान, जाहिद आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



