SIR कार्यों की समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सुनवाई प्रक्रिया में तेजी लाने, दस्तावेजों के सत्यापन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने पर दिया जोर।

साहिबगंज। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सुनवाई प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से 50 प्रतिशत से कम सुनवाई पूरी करने वाले पदाधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने को कहा। साथ ही, संबंधित दस्तावेजों का समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

समीक्षा के दौरान 12 अक्टूबर 2026 के बाद जारी द्वितीय नोटिसों को संबंधित मतदाताओं तक अविलंब पहुंचाने, उनसे आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने और प्राप्त दस्तावेजों को शीघ्र ERO-Net पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, जिन मतदान केंद्रों पर 10 से कम प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं, वहां आवश्यक प्रविष्टि एवं संबंधित कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि SIR से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं। सुनवाई, दस्तावेज सत्यापन और लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करने तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का तत्परता, गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।




