झारखंड

उपायुक्त ने हिरणपुर में दुर्गा पूजा पंडाल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

पेयजल समस्या के त्वरित समाधान का दिया भरोसा, पुस्तकालय एवं रीडिंग हॉल निर्माण की संभावनाओं पर भी होगी पहल।

हिरणपुर पाकुड़। दुर्गापूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने हिरणपुर प्रखंड स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लिया तथा पूजा समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पंडाल परिसर एवं आसपास की सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पूजा समिति की ओर से की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। वहीं, बाजार परिसर में पेयजल से संबंधित समस्याओं की जानकारी मिलने पर उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को परेशानी न हो।

उपायुक्त ने बाजार परिसर एवं पुस्तकालय मैदान के समुचित विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के बाद परिसर के बेहतर उपयोग एवं विकास के लिए सर्वे कराया जाएगा। साथ ही, बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुस्तकालय एवं रीडिंग हॉल के निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। इसके लिए उपलब्ध भूमि एवं अन्य आवश्यक पहलुओं का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास स्थानीय लोगों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जिला प्रशासन क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!