संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर झारखंड मजदूर संघ की जिला स्तरीय बैठक।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और मजदूरों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का लिया संकल्प।

साहिबगंज। मछुआ सोसाइटी, साहिबगंज में बुधवार को झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत एवं विस्तारित करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा संघ के नियमों और सिद्धांतों के अनुरूप अनुशासित ढंग से कार्य करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय सहायक मंत्री गणेश ठाकुर एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने जिला कमेटी का आंशिक विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की।

घोषित पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष मो. अजीमुद्दीन नदब, संयुक्त मंत्री मुन्ना मरांडी, सहायक मंत्री मो. बहादुर रहमान एवं संगठन मंत्री उम्मत खुश मुर्मू को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विजय यादव, संजय रजक, मुन्ना यादव, जियाउल हक एवं अमीन खान के नामों की घोषणा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संघ के नियमों और सिद्धांतों के अनुरूप पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, मजबूत भागीदारी और सक्रिय कार्यप्रणाली के माध्यम से मजदूरों एवं समाज के हितों की आवाज को मजबूती से उठाया जा सकता है। संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना होगा।

बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संघ को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने तथा मजदूरों एवं समाज के हित में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मोहम्मद इमाम विश्वास, पौलुस गुरुजी टुडू, निखिल यादव, मोहम्मद जावेद, अख्तर, इकरामुल अली, दीपक मंडल सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।




