Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पाकुड़ में हर सप्ताह लगेगा विशेष जनता दरबार, उपायुक्त मेघा भारद्वाज का सख्त आदेश जारी।

मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा आयोजन, ऑन-द-स्पॉट समाधान पर जोर।

पाकुड़। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब प्रत्येक प्रखंड एवं अंचल में सप्ताह में दो दिन—मंगलवार और शुक्रवार—विशेष जनता दरबार का नियमित आयोजन किया जाएगा।

यह जनता दरबार पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी विभागीय कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर समयबद्ध निष्पादन किया जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की जानकारी जन शिकायत कोषांग को देना अनिवार्य होगा।

सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी  एवं अंचल अधिकारियों  को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित दिनों पर नियमित रूप से विशेष जनता दरबार का आयोजन सुनिश्चित करें।

आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनता दरबार की तिथि एवं समय की जानकारी सभी सरकारी कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस व्यवस्था का लाभ उठा सकें।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनता दरबार में संबंधित प्रखंड एवं अंचल स्तर के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए उससे संबंधित प्रतिवेदन का संधारण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!