ईस्टर्न झारखंड चैंबर की वार्षिक आमसभा संपन्न, 25 मई को चुनाव; अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने गिनाईं उपलब्धियां।
रेलवे कनेक्टिविटी, वाशिंग पिट, ओवरब्रिज व व्यापारिक समस्याओं पर चैंबर की सक्रिय भूमिका; आगामी सत्र के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू।

साहिबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की वार्षिक आमसभा स्थानीय उत्सव बैंक्विट हॉल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने की, जबकि संचालन सचिव अंकित केजरीवाल ने किया।
बैठक में कोषाध्यक्ष विवेक कुमार ने वर्षभर के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में बताया कि चैंबर ने साहिबगंज की रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए डीआरएम मालदा और जीएम कोलकाता को 13 बार ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि वाशिंग पिट के निर्माण कार्य में चैंबर, पत्थर व्यवसायियों और पंकज मिश्रा के आंदोलन के बाद तेजी आई है। इसके चालू होने से साहिबगंज को टर्मिनल का दर्जा मिलने और चार नई ट्रेनों के परिचालन की संभावना है।

इसके अलावा चैंबर के प्रयासों से ओवरब्रिज का टेंडर जारी हुआ तथा नगर परिषद के दो अनैतिक टेंडर रद्द कराए गए। व्यापारिक वाहनों से हो रही अवैध वसूली को भी नगर विकास विभाग के हस्तक्षेप से बंद कराया गया।
बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया गया। चोरी की घटनाओं पर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई।
साहिबगंज, राजमहल और मिर्जा चौकी में ‘पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठक’ की शुरुआत भी चैंबर की पहल पर हुई। साइबर अपराध मामलों में डीजीपी स्तर तक पैरवी की गई, वहीं चैंबर की मांग पर साहिबगंज में रिवर थाना की स्थापना भी हुई।
अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले समय में चैंबर की प्राथमिकताएं, वाशिंग पिट का संचालन शुरू कराना, हावड़ा इंटरसिटी में 3AC कोच की व्यवस्था, साहिबगंज-मुजफ्फरपुर इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन, साइबर हेल्पडेस्क की स्थापना, साहिबगंज को लॉजिस्टिक हब घोषित कराना साथ ही हाट-बाजार और पार्किंग स्टैंड की नीलामी से पहले न्यूनतम दर व्यापारियों के साथ विचार-विमर्श कर तय करने की मांग रखी गई।

आमसभा में बोरियो, राजमहल, तीनपहाड़, तालझारी, मिर्जा चौकी, सकरी गली और साहिबगंज नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 67 सदस्य शामिल हुए।
बैठक में उपाध्यक्ष मोहित बेगराजका, राकेश कुमार, सह-सचिव जाहिद खान, अजय डोकनिया, पिंटू शाह, विनोद तमाकू वाला, विकास गुप्ता, मोहम्मद आफताब आलम, सी.ए. अफरोज खान, सज्जन पोद्दार, राजीव निरंजन सिंह, नवीन भगत, सुनील भारतीया, अनिल कुमार सिंह, सोनू कुमार, कलाम अंसारी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
आमसभा में चैंबर के आगामी सत्र के लिए चुनाव की तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 तय की गई है।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए, सज्जन पोद्दार चुनाव पदाधिकारी राजीव निरंजन सिंह सदस्य, सी.ए. अफरोज खान सदस्य को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अंत में अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।


