राजमहल प्रखंड की सभी 23 पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र बनाने को उमड़ी लोगों की भीड़।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मो. यूसुफ ने प्राणपुर, लखीपुर एवं समसपुर पंचायतों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सुलभ एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजमहल प्रखंड की सभी 23 पंचायतों में जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने आवश्यक दस्तावेजों के लिए आवेदन जमा किए तथा संबंधित जानकारी प्राप्त की।
इस विशेष अभियान के तहत पंचायत स्तर पर ही प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया गया, जिससे लोगों को प्रखंड या अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर में उपस्थित कर्मियों द्वारा आवेदनों की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई तथा पात्र आवेदकों को शीघ्र प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
विशेष शिविर के सफल संचालन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मो. यूसुफ ने प्राणपुर, लखीपुर एवं समसपुर पंचायतों में संचालित शिविरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं, आवेदन प्रक्रिया, अभिलेखों के सत्यापन एवं आमजनों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही शिविर में आने वाले लोगों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने पर भी बल दिया।
अधिकारियों ने बताया कि जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों, शैक्षणिक नामांकन, रोजगार एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर इस तरह की व्यवस्था किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हुई है। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की लोगों ने सराहना की।



