झारखंड

बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान।

तालझारी के उत्क्रमित उच्च बालिका विद्यालय में किशोरियों को सरकारी योजनाओं, बाल संरक्षण एवं उनके अधिकारों की दी गई जानकारी।

तालझारी साहिबगंज। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के निर्देशानुसार उत्क्रमित उच्च बालिका विद्यालय, तालझारी में किशोरियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह मुक्त भारत, बाल संरक्षण, POCSO एक्ट, गुड टच-बैड टच, डिजिटल साक्षरता, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, डायन प्रथा एवं सखी वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न विषयों पर किशोरियों को जागरूक किया गया।

बालिकाओं को बाल विवाह की रोकथाम, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा हिंसा या संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही 1098, प्रायोजन योजना, आफ्टर केयर एवं फोस्टर केयर जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके अलावा बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संरक्षण पदाधिकारी, गैर-संस्थागत देखरेख चंदा कुमारी ने किया। उन्होंने किशोरियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा को आगे बढ़ाने, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मो. खालिद, जिला समन्वयक मंथन अमन वर्मा, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन मो. इकबाल, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकगण सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!