जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्रों के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें : उपायुक्त।
गूगल मीट के माध्यम से उपायुक्त की अध्यक्षता में जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्रों को लेकर हुई समीक्षात्मक बैठक।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में सोमवार को गूगल मीट के माध्यम से जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्रों के निष्पादन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अंचलों में जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्रों के निष्पादन की स्थिति तथा लंबित आवेदनों की अंचलवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से अंचलवार लंबित प्रमाणपत्रों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि आमजनों को जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उपायुक्त ने जाति प्रमाणपत्रों के निर्गमन को लेकर विशेष सावधानी बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि गलत अथवा अपात्र व्यक्ति का जाति प्रमाणपत्र किसी भी परिस्थिति में निर्गत नहीं होना चाहिए। प्रमाणपत्र जारी करने से पूर्व संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन करते हुए पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से प्रमाणपत्रों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



