राजमहल प्रखंड में विशेष दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजन की गई।
झारखंड सरकार की पहल से प्रखंड स्तर पर मिली ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा।

राजमहल साहिबगंज। झारखंड सरकार के निर्देश तथा जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईंद के मार्गदर्शन में साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड परिसर में 24 एवं 27 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित विशेष दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस एवं स्थायी (ड्राइविंग) लाइसेंस के लिए आवेदन कर निर्धारित सभी प्रक्रियाएं पूरी कीं। परिवहन विभाग की टीम ने दस्तावेजों का सत्यापन, आवेदन पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूरी पारदर्शिता, सरलता और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईंद ने कहा कि झारखंड सरकार का उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को आम जनता तक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसी सोच के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के समय और धन, दोनों की बचत हो रही है तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन का संचालन न करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें। विभाग ने सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आम नागरिकों से सक्रिय सहयोग की भी अपील की।
इस अवसर पर परिवहन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित प्रकाश, जगन्नाथ साहा एवं रितिका चौधरी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



