झारखंड

पंचायतों के समग्र विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने की प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक, लंबित कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के दिए निर्देश।

पाकुड़। पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू की अध्यक्षता में जिला पंचायत राज कार्यालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों एवं प्रखंड समन्वयकों पंचायत राज स्वशासन परिषद की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने जिले के सभी प्रखंडों में पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रखंडवार लंबित कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

समीक्षा बैठक में पंचायत सचिवालयों के नियमित संचालन, ग्राम पंचायतों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, पंचायत बैठकों के नियमित आयोजन, ग्राम सभाओं की कार्यवाही, पंचायत परिसंपत्तियों के रख-रखाव तथा पंचायत विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके अलावा पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के अधिकाधिक उपयोग, पंचायत प्रोफाइल के अद्यतन, ऑनलाइन पोर्टलों पर समयबद्ध सूचना प्रविष्टि तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों एवं प्रखंड समन्वयकों को पंचायतों का नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निष्पादन किया जाए ताकि आम जनता का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्था में और अधिक मजबूत हो सके।

बैठक में पंचायतों में स्वच्छता, पारदर्शिता तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए तथा ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान की जाए।

बैठक में पंचायतों से संबंधित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर अद्यतन सूचनाएं समय पर अपलोड करने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने कहा कि नियमित अनुश्रवण, प्रभावी समन्वय और जवाबदेह कार्यशैली के माध्यम से पंचायतों के समग्र विकास को नई गति दी जा सकती है।

बैठक में प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक, ई-पंचायत, जिले के सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक पंचायत राज स्वशासन परिषद जिला पंचायत राज कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!